बागेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचकर बास्ती फूड प्वाइजनिंग से बीमार मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।
जिपं अध्यक्ष ने जिला अस्पताल में बास्ती घटना में बीमार मरीजों का हालचाल पूछा। कहा कि जिले सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। पहाड़ के अधिकांश अस्पताल महज रेफर सेंटर साबित हो रहे हैं। समय पर दवा, रक्त व इलाज नहीं मिल पाने के कारण आए दिन मरीज दम तोड़ रहे हैं। बास्ती घटना में भी चार मरीजों की मौत सरकार की नाकामी व बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की कहानी बयां करने को काफी है। अभी भी दर्जनों मरीज अस्पतालों में पड़े हैं। फूड प्वाइजनिंग के कारणों का सरकार अभी तक पता नहीं लगा सकी है।
स्थायी सीएमओ, सीएमएस तैनात हो
बागेश्वर। जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने जिले में स्थायी तौर पर सीएमओ व सीएमएस की तैनाती करने की मांग की है। कहा कि बास्ती घटना के दौरान भी बागेश्वर के जिम्मेदार अधिकारियों का अवकाश पर होना सरकार तथा जिला प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। पांच घंटे बाद डाक्टरों का दल मौके पर पहुंच सका।