कपकोट। पूर्व बीडीसी सदस्य स्व. मंगल सिंह ऐठानी व कारोबारी स्व. नवीन फर्स्वाण की स्मृति में आयोजित तृतीय आल इंडिया वालीबाल प्रतियोगिता प्रतियोगिता में बंगाल इंजीनियर रुड़की, दिल्ली, पंजाब और गुजरात की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे।
दानपुर वैली स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को खेले गए मैचों का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जवाहर सिंह परिहार ने किया। पहले मैच में बंगाल इंजीनियर की टीम ने बागेश्वर स्टेडियम को 2-1 से पराजित किया। दूसरे मैच में जेएसएन लक्की आर्ट ने दानपुर स्पोर्ट्स क्लब बदियाकोट को 2-0 से पराजित किया।
तीसरे मैच खन्ना हॉस्टल पंजाब ने साई गुजरात को 2-1 से पराजित किया। चौथे मैच में साई गुजरात की टीम ने एसएन लक्की आर्ट हल्द्वानी को 2-0 से जीता। पांचवें मैच में बीईजी रुड़की ने दिल्ली को 2-1 हराया। प्रतियोगिता में सांसद प्रतिनिधि दयाल ऐठानी, सेवानिवृत्त तहसीलदार धाम सिंह ऐठानी, खंड शिक्षा अधिकारी एनके आर्य थे। रेफरी यशपाल बिष्ट, चंदन बिष्ट, गिरीश बिष्ट, अर्जुन धपोला थे। गोपाल भंडारी, सुंदर कोरंगा, गोविंद मटियानी स्कोरर थे। ललित चुफाल, राजू देव, प्रकाश टाकुली उद्घोषक थे। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष प्रेम पुरी गोस्वामी, डॉ. एमसी आर्य, जोगा राम, राजेंद्र कपकोटी, गणेश उपाध्याय, हरीश कपकोटी, एमसी उप्रेती, हडसन ऐठानी, डॉ. शेर सिंह ऐठानी, सुंदर कोरंगा, गणेश मंडेला आदि थे। एनसीसी कैडेट ने भी अपना योगदान दिया।