कपकोट (बागेश्वर)। गैरखैत के झुला पुल के पास शराबियों का आतंक छाया हुआ है। शराब के नशे में राह चलती महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील फब्तियां कसी जा रही हैं। शराबियों के आतंक के चलते महिलाओं का राह चलना दूभर हो रहा है। पुलिस से बार-बार शिकायत के बाद भी शराबियों और शराब के अड्डों पर अंकुश नहीं लग सकी है। नाराज क्षेत्रवासियों ने अड्डों पर जल्द अंकुश नहीं लगाने पर एसडीएम कार्यालय में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुलिस शराब के अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई से बच रही है। यही कारण है कि क्षेत्र में शराब के अड्डे कुकुरमुत्तों की तरह उग आए हैं। दर्जनों दुकानों में अवैध शराब परोसी जा रही है। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इन दुकानों के आसपास दिनभर शराबियों को मजमा लगा रहता है। सामाजिक कार्यकर्ता दरबान कपकोटी ने पुलिस से शराब के अड्डे बंद करने और शराबियों को खदेड़ने की मांग की है। इसके लिए दो दिन की मोहलत दी है। इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष गोपाल राम ने अवैध शराब के अड्डों पर कार्रवाई के साथ ही शराबियों से सख्ती से निपटने का भरोसा दिया है।