बागेश्वर। मंडलसेरा के बानरी से लापता हुआ छात्र दिल्ली में मिला। बागेश्वर पुलिस की एक टीम बच्चे को लेने दिल्ली रवाना हो चुकी है। तारी राम का 12 वर्षीय बेटा हिमांशु 27 जून को घर से बिना बताए चला गया था। वह अपने साथ घर से एक हजार रुपये भी ले गया था। परिजनों से नाराज होकर बालक के घर से भागने की आशंका जताई जा रही थी।
शिकायत पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन में जुटी थी। शनिवार को लापता बालक दिल्ली के मेट्रो स्टेशन थाना क्षेत्र में मिला। दिल्ली पुलिस ने मेट्रो स्टेशन से बालक को लावारिस हाल में अपने संरक्षण में ले लिया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि बालक की बरामदगी के लिए एसआई राजेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में एक टीम दिल्ली रवाना हो गई है। बालक के सकुशल मिलने के बाद परिजन और पुलिस ने राहत की सांस ली है।