कपकोट (बागेश्वर)। उद्योग व्यापार मंडल के जिला सम्मेलन में व्यापारियों ने केंद्र सरकार से जीएसटी में 20 लाख रुपये तक की छूट देने की मांग प्रमुखता से उठाई। सम्मेलन में बढ़ते पलायन पर गंभीर चिंता जताई गई। व्यापारियों ने ने कहा कि जिपं और नगर पंचायत व्यापारियों से टैक्स लेती है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ खास नहीं दे रही है। चेताया कि हाल यही रहे तो वह टैक्स देना बंद कर देंगे।
बजाज शो रूम हिचौड़ी-कपकोट के सभागार में जिलाध्यक्ष नवीन ममगई की अध्यक्षता में आयोजित जिला सम्मेलन के मुख्य अतिथि त्रिलोक कपकोटी ने कहा कि क्षेत्र के विकास में व्यापार का बड़ा योगदान होता है। बाजारों में बिजली, पानी, टैक्सी स्टेंडों और शौचालय आदि की सुविधा होगी तो इससे ग्राहकों की संख्या में वृद्धि होगी। प्रदेश मंत्री शेखर चंद्र पांडे ने व्यापारियों के हित में संगठनस्तर से किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। जिलाध्यक्ष ममगई ने कहा कि व्यापारियों का किसी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने नगर पंचायत से नगर और जिपं से ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों में नाली, शौचालय और नदियों और बाजार को जोड़ने वाले रास्तों को पक्का करने और स्वच्छता व्यवस्था चौकस रखने की मांग की। मांग पूरी न होने पर टैक्स नहीं देने की चेतावनी दी। व्यापारियों ने तहसील स्तर पर बांट माप के कार्यालय खोलने की मांग की।
सम्मेलन का का संचालन व्यापार मंडल कपकोट के अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी ने किया। वहां प्रदेश संगठन सचिव गोपाल दत्त जोशी, संरक्षक राम सिंह कपकोटी, व्यापार मंडल कपकोट के सचिव हेम कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, सचिव प्रकाश जोशी, धरमघर के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, गागरीगोल के उपाध्यक्ष मदन मोहन भट्ट, डंगोली जगदीश गोस्वामी, टानीखेत दीवान सिंह आदि थे।