बागेश्वर। नदीगांव क्षेत्र में बीते दस दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से 120 से अधिक परिवारों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जलापूर्ति न होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राजकीय इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की व्यवस्थाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से जिला न्यायालय के ओवरफ्लो पानी पर निर्भर हैं, लेकिन वहां से भी नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन ग्रामीणों को पीने का पानी दूर-दराज के स्रोतों से ढोना पड़ रहा है जबकि कपड़े धोने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए नदी के पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल्द जलापूर्ति बहाल करने और क्षेत्र के लिए स्थायी पेयजल योजना निर्माण की मांग की है। जल संस्थान के एई दीनदयाल ने बताया कि समस्या को बुधवार तक दूर कर दिया जाएगा।