बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। रविवार की रात नौ बजे से सोमवार की सुबह सात बजे तक जिलेभर में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। रातभर हुई तेज बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और बोल्डर सड़कों पर आ गिरे, जिससे जिले की 12 मुख्य ग्रामीण सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क मार्ग बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार बारिश के चलते धैना-लखनी, खातीगांव-देवतोली, जैंसर-रियुनी लखमारा, जौलकांडे-लेटी, दूदिला-अमोली, कपकोट-पिंडारी, खड़लेख-भनार, बदियाकोट-बोरबलड़ा, बंदियाकोट-कुंवारी, धरमघर-मांजखेत और बड़ेत मार्ग मलबा आने से पूरी तरह बंद हो चुके हैं। मार्ग बंद होने के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क जिला और तहसील मुख्यालय से कट गया है। दूध, सब्जी और दैनिक उपभोग की वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी और लोडर मशीनों के साथ मौके पर तैनात कर दिया गया है। मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं, हालांकि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रहे भूस्खलन के कारण राहत और बचाव कार्य में चुनौती आ रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील पहाड़ियों के पास अनावश्यक आवाजाही न करने की अपील की है।