कांडा (बागेश्वर)। जेएस माजिला स्मारक राइंका कांडा में पिछले दिनों असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की घटना का पर्दाफाश न होने से क्षेत्र के लोगों का गुस्सा बढ़ते जा रहा है। लोगों ने पुलिस पर घटना का पर्दाफाश करने में हीलाहवाली बरतने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र धरपकड़ न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
16 नवंबर की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने राइंका के जीव और भौतिक विज्ञान की प्रयोगशाला में आग लगा दी थी। बदमाशों ने स्कूल की दीवारों पर अपशब्द भी लिखे थे। आग की इस घटना में तीन लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया था। प्रयोगशाला भवनों का पुनर्निर्माण न होने से अब बच्चों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानाचार्य शिव प्रसाद ने घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी। प्रधानाचार्य ने बताया कि जांच के नाम पर पुलिस सिर्फ एक ही बार मौके पर आई है। घटना का खुलासा न होने से अब क्षेत्र के लोगों का भी गुस्सा बढ़ते जा रहा है।
लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है। मांग करने वालों में पीटीए अध्यक्ष दीवान राम, पूर्व ग्राम प्रधान भगवान माजिला, कांग्रेस सेवादल के जिला प्रमुख विरेंद्र नगरकोटी, सुंदर गढ़िया, हीरा कर्म्याल आदि शामिल हैं। उधर थानाध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना की सभी कोणों से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग की अपील की है।