बागेश्वर। पीएमजीएसवाई ने 6.26 किमी लंबी सड़क के पहले चरण की कटिंग का काम कर लिया है। सड़क कटने के बाद अब विभाग जॉब पीलर बना रहा है। ग्रामीणों ने विभाग की इस कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कहा कि यदि विभाग ने पहले पीलर बनाए होते तो उन्हें समरेखण की सही जानकारी होती। उन्होंने विभाग से पूर्व के समरेखण से काटी गई सड़क का मिलान करने की मांग उठाई।
भंडारीगांव के ग्रामीणों के अनुुसार उन्होंने पूर्व में गांव को सड़क से जोड़ने की मांग को लेकर बगराटी के समीप जेसीबी रोककर आंदोलन किया था। दो दिन काम बंद भी रहा। तब पीएमजीएसवाई ने जॉब पीलर नहीं बनाए थे। अब सड़क कटने के बाद पीलर बनाकर गुमराह करना साबित हो रहा है। बीडीसी सदस्य कुंदन बोरा, पूर्व प्रधान किशंती बोरा, पूर्व सैनिक श्याम सिंह बोरा, इंद्र सिंह, कृष्णा बोरा, शंकर सिंह, बहादुर सिंह, जगदीश सिंह, कमला, माधुली और बसंती देवी ने प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की जांच करवाने की मांग की है। उधर जेई दीप चंद्र पंत का कहना है सड़क कटिंग से पहले निशान लगाए गए थे। कटिंग से निशान मिटने के कारण अब पीलर बनाए जा रहे हैं। स्वीकृत समरेखण के अनुसार ही काम किया जा रहा है।