बागेश्वर। कपकोट विकास खंड की ग्राम पंचायत बघर में निर्माणाधीन सड़क में अनियमितता, नुकसान पर ग्रामीणों में गुस्सा है। नाराज ग्रामीणों ने जिले के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा का घेराव किया। ग्रामीणों ने अनियमितता पर कार्रवाई और नुकसान की जल्द भरपाई न होने पर लोस चुनाव बहिष्कार की धमकी दी है।
सोमवार को दिशा की बैठक लेने कलक्ट्रेट पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री को बघर के ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में अनियमितता, नुकसान का मामला उठाया। बताया कि पीएमजेएसवाई ने मार्ग निर्माण के दौरान किमी पांच में सड़क का अलाइनमेंट बदल दिया। इससे कुंवर राम का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि त्रिलोक राम, देव राम का मकान खतरे की जद में है। दूसरी ओर सड़क निर्माण के मलबे से 15 ग्रामीणों के मकानों पर भी खतरा है। सुरक्षा दीवार न बनने से सुंदर सिंह, कुंवर राम, देव राम, त्रिलोक राम, घनश्याम राम, हरी राम, भूपाल राम, लालू राम, लक्ष्मण राम, होशियार सिंह, बलवीर सिंह, सुरेश राम, गंगा सिंह आदि के मकानों को खतरा है। ग्रामीणों ने लिठरी, चिराणी तोक में प्रभावशाली लोगों के दबाव में सड़क की लंबाई कम करने की शिकायत भी की। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार समस्या बताने के बाद भी कार्यवाही नहीं हो रही है। निर्माण में अनियमितता से बरसात में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इस दौरान ग्राम प्रधान गुलाब राम समेत प्रभावित ग्रामीण मौजूद थे।
बीएसएनएल टावर लगाने की मांग
बागेश्वर। सैन्यकर्मी बहुल क्षेत्र बघर, दोबाड़, ढोक्टी आदि ग्राम पंचायतें संचार सेवा से महरूम हैं। इसके चलते ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आपदा, बीमारी, प्रसव आदि आपात स्थिति में ग्रामीण मदद के लिए संपर्क तक नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री से क्षेत्र में बीएसएनएल टावर लगाने की मांग की है।