सोमेश्वर/बागेश्वर। गिरेछीना के पास डामर से भरी पिकप पलट गई। इससे बरेली निवासी चार मजदूर घायल हो गए। बागेश्वर से 15 किमी दूर गिरेछीना के पास सड़क पर डामरीकरण किया जा रहा है। सोमवार को पिकप यूपी-21-एन-2101 भूलगांव से डामर ला रही थी लेकिन गिरेछीना के पास पिकप सड़क पर पलट गई। वाहन की चपेट में आने से डामरीकरण के काम में लगे सरदार नगर बरेली निवासी मजदूर जगमोहन पुत्र राम बहादुर, लाल जीत पुत्र लाखन, राहुल पुत्र सोमपाल, दीप चंद्र पुत्र जानकी प्रसाद घायल हो गए। उन्हें अल्मोड़ा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जगमोहन, लाल जीत को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मजदूरों के हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्से डामर से झुलस गए हैं।