बागेश्वर। जनसंघर्ष समिति कठपुड़ियाछीना की बैठक में अलग ब्लॉक बनाने समेत गांवों की अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक के बाद संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने डीएम रंजना राजगुरु से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रावत की अध्यक्षता में न्याय पंचायत पंतगांव के मध्याछीना में बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कठपुड़ियाछीना को अलग ब्लॉक बनाने की मांग की। कहा कि इसके बगैर क्षेत्र का विकास संभव नहीं है। दाणोंछीना-बेहरगांव सड़क के निर्माण को पांच साल पूरे हो गए हैं लेकिन प्रस्तावित अन्य कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। दाणोछीना स्थित नलकूप से लोब, मन्याछीनास, पंतगांव, सुतरगांव, नायलमाफी, भाटगाड़, बेहरगांव को पीने का पानी उपलब्ध कराने, छिपारताल जल स्रोत से सुतरगांव, नायलमाफी के लिए पीने के पानी की नई लाइन बनाने, नायलमाफी पेयजल योजना का निर्माण कराने, बाजगांव, लोब, मन्याछीना में विधायक, राज्यसभा सदस्य कोटे से घोषित हैंडपंप शीघ्र लगाने की मांग की। वहां ओमप्रकाश टम्टा, देवी दत्त मिश्रा, महेश मिश्र, गणेश चंद्र, नंदन मेहता, मोहन टम्टा, विजय कुमार, गणेश मेहता, प्रेम कुमार, सुरेश चंद्र, राजेंद्र प्रसाद, जगदीश चंद्र, जगदीश मिश्रा, पीतांबर, धर्मानंद आदि थे।