बागेश्वर। जन शिक्षण संस्थान और जिला उद्योग केंद्र की ओर से आयोजित दो दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के अंतर्गत उद्यमिता अभिप्रेरण शिविर का समापन हो गया है।
संस्थान के निदेशक डॉ. जितेंद्र तिवारी ने कहा कि युवाओं को कृषि सेक्टर में आधुनिक तकनीकी के साथ नकदी फसलों और जैविक उत्पादों की ओर प्रोत्साहित कर पलायन को रोका जा सकता है। प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र भेंट किए गए।
कपकोट ब्लॉक के लीती गांव में आयोजित शिविर में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र खेतवाल ने केंद्र, राज्य सरकार की योजनाओं और उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने ऊन बुनाई, मौसमी फल एवं सब्जियों का अचार, रिंगाल की कलात्मक वस्तुएं, मधुमक्खी पालन और कुटीर साबुन उद्योग, मोमबत्ती एवं अगरबत्ती की इकाई आदि को लगाने के लिए जिला उद्योग केंद्र छूट पर धन उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
जिला उद्योग केंद्र के शैलेंद्र सिंह ने उद्यमियों के लिए दक्षता एवं उद्योग के अवसर, उद्यम स्थापना से पूर्व विषय की पूर्ण जानकारी, लघु उद्योगों की योजना बनाना और उसकी जानकारी रखना एवं बैंक ऋण का सदुपयोग आदि की जानकारी दी।
वहां धना देवी, गंगा देवी, चंपा देवी, उमादेवी समेत 96 प्रतिभागियों ने भाग लिया।