बागेश्वर। पुंगरघाटी के गांवों में इन दिनों अवैध शराब का धंधा जोरों पर चल रहा है। तस्करी के जरिए पहुंच रही शराब से गांवों में अशांति का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शराब के अवैध धंधे में लिप्त तत्वों की धर पकड़ के लिए तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार पुंगरघाटी के दोफाड़, मनीगांव समेत कई अन्य गांवों में तस्करी के जरिए जिला मुख्यालय की प्रमाणित शराब की दुकानों में बिक रही शराब पहुंच रही है। नशेड़ियों के होहल्ला से जहां महिलाएं अकेले में निकलने से डर रही हैं। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है। शराब का विरोध करने पर धंधेबाज ग्रामीणों को धमका रहे हैं। पुंगरघाटी विकास मंच के अध्यक्ष राजेश रौतेला और प्रवक्ता हरीश कालाकोटी ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में तस्करी के जरिए पहुंच रही शराब को रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को कड़े निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शराब के अवैध धंधे में लिप्त तत्वों के खिलाफ नकेल नहीं कसी गई तो क्षेत्र के महिला, पुरुष, वृद्ध और बच्चे सभी आंदोलन पर उतर आएंगे।