बागेश्वर। डीएम रंजना ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने एनएच के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर गहरी नाराजगी जताई और एडीएम को उनके विभागीय सचिव को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोनिवि, पीएमजीएवाई के अधिकारियों को सुरक्षित यातायात के लिए सड़कों पर चिह्नित ब्लैक स्पॉटों और तीव्र मोड़ों पर क्रैश बैरियर, पैरापिट, रिफ्लेक्टर और सफेद लाइन खींचने के निर्देश दिए। सड़कों पर आए मलबे को तत्काल हटाने को कहा। परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करें। टैक्सी यूनियन के अध्यक्षों के साथ बैठक कर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण के लिए तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए। सड़क से संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मोटर मार्गों के निर्माण कार्यों का स्वयं निरीक्षण करें। डीएम ने पिछली बैठक में दिए निर्देशों के क्रम में हुई प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने उपजिलाधिकारियों, परिवहन और पुलिस प्रशासन को अपने क्षेत्रांतर्गत वाहनों का संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने, अतिक्रमण को हटाने, शहर से आवारा जानवरों को गोसदन भेजने और जिले में आवारा पशुओं के लिए गोशाला निर्माण के लिए भूमि चयन के निर्देश दिए। बैठक में एसपी मुकेश कुमार, एडीएम राहुल गोयल, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, एसडीएम बागेश्वर श्याम सिंह राणा, कपकोट रविंद्र बिष्ट, गरुड़ सुंदर सिंह, कांडा रिंकू बिष्ट, ईई लोनिवि आरके पुनेठा, ईई पीएमजीएसवाई राजेंद्र प्रसाद, एआरटीओ पूजा नयाल, सीईओ हरीश चंद्र सिंह रावत, डीईओ आकाश सारस्वत, सीओ वीर सिंह आदि थे।