बागेश्वर। जल संस्थान ने गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का महत्व और पेयजल को स्वच्छ रखने के तौर तरीकों के बारे में बताया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डीएम रंजना राजगुरु ने बास्ती घटना के बाद अलर्ट जारी किया है। उन्होंने जल संस्थान को जिले की हर ग्राम सभा में जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सोमवार को जल संस्थान ने बागेश्वर के बागेश्वर के जोशीगांव, पौड़ी कफौली में जागरूकता अभियान चलाया।
अपर सहायक अभियंता शेखर रौतेला ने ग्रामीणों को पेयजल योजना के पास साफ-सफाई रखने, मवेशियों को योजना के समीप पानी नहीं पिलाने, स्टोरेज टैंक को बारिश से पहले और बाद में साफ करने, नियमित रुप से क्लोरीनेशन, पेयजल की पाइप लाइनों को सीवर से दूर रखने और गंधहीन-रंगहीन पानी की जांच कराने के लिए कहा है।
उन्होंने बताया कि दूषित पेयजल पीने से संक्रामक बीमारियों के होने का खतरा रहता है। इसलिए समय-समय पर सफाई करनी जरूरी है। ईई एमके टम्टा ने बताया कि जिन गांवों में जल संस्थान की योजनाएं भी नहीं है वहां भी जा जा कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।