बागेश्वर। आइ लीग में सफलता हासिल करने वाले फुटबाल खिलाड़ी रोहित दानू जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रूस जाएंगे। इन दिनों घर आए रोहित दानू अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए जल्द ही नेशनल कैंप भुवनेश्वर में हिस्सा लेंगे।
रोहित ने हाल के दिनों में आइ लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे कम उम्र में गोल दागने वाले खिलाड़ी का खिताब हासिल किया था। रोहित की सफलता से मां गंगा देवी व पिता प्रताप सिंह दानू बेहद उत्साहित हैं। इन दिनों घर आए रोहित ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जल्द ही नेशनल कैंप में हिस्सा लेने के लिए भुवनेश्वर जाना होगा। रोहित दानू के कोच के कोच नीरज पांडे ने बताया कि रोहित दानू बेहद प्रतिभाशाली फुटबाल खिलाड़ी हैं। वह आइ लीग सहित कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। सैफ व एशियन गेम्स में भी रोहित का चयन होने की उम्मीद है।