बागेश्वर। जिला आबकारी विभाग ने काफी जद्दोजहद के बाद शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब की दुकान पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटित कर दी है। दुकान के लिए आए एकमात्र शराब व्यवसायी को आवंटन समिति ने दुकान का लाइसेंस जारी कर दिया है।
जिले की सात अंग्रेजी और पांच देसी शराब की दुकानों के आवंटन के लिए मशक्कत कर रहे आबकारी विभाग को उस वक्त झटका लगा जब 31 मार्च तक किसी भी शराब व्यवसायी ने दुकानों के लिए आवेदन ही नहीं किया। आवंटन के अभाव में जिले की सभी दुकानों में एक अप्रैल से ताला लटक गया।
इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ। इस बीच आबकारी विभाग के पास शराब व्यवसायी इंद्र सिंह परिहार और आनंद सिंह बिष्ट ने बागेश्वर अंग्रेेजी शराब की दुकान के लिए आवेदन किया। एकमात्र आवेदन पर जिला आवंटन समिति ने विचार के उपरांत उन्हें दुकान आवंटित कर दी।
बार के नवीनीकरण की प्रक्रिया तेज
जिले के दस बार भी नवीनीकरण के अभाव में बंद हैं। आबकारी विभाग ने बार के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है। आबकारी विभाग ने बताया कि शराब की दुकानों के आवंटन के चलते बार का नवीनीकरण नहीं हो सका था। बुधवार तक सभी बार का लाइसेंस नवीनीकरण होने की उम्मीद है।
कोट : जिले की एक दुकान का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर हो गया है। शहर की अंग्रेजी शराब की दुकान के लिए एकमात्र आवेदन आया था, जिसे इंद्र सिंह परिहार और आनंद बिष्ट के नाम आवंटित कर दिया गया है। शेष 11 दुकानों का आवंटन भी इसी आधार पर किया जाएगा। - विवेक सोनकिया, जिला आबकारी अधिकारी