बागेश्वर। विभागीय उपेक्षा के चलते शामा- लीती- गोगिना मोटर मार्ग बदहाल बना हुआ है। पौंढूंगा के पास इस सड़क का करीब सौ मीटर का हिस्सा धंसा हुआ है। इसमें आए दिन वाहन फंस रहे हैं। इसके बाद भी इसको ठीक नहीं किया जा रहा है।
शामा से गोगिना तक करीब 30 किमी लंबी सड़क पीएमजीएसवाई के अधीन है। मरम्मत न होने से वर्तमान में इसकी दशा काफी खराब बनी हुई है। पौंढूंगा बैंड के समीप सड़क का एक हिस्सा धंसा हुआ है। इसमें दुर्घटनाएं होने का भय बना रहता है। गोगिना, कीमू, लीती, मल्खा डुंगर्चा के ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी सड़क ठीक नहीं की जा रही है। गोगिना की प्रधान भागीरथी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जसपाल सिंह रौतेला ने चेतावनी दी है कि यदि पौंढूंगा के समीप सड़क ठीक नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
कोट.....
काफी पहले से पौंढूंगा के पास सड़क धंसी हुई है। सुधार कार्य के बाद भी सड़क लगातार धंस रही है। उसके स्थायी समाधान के लिए प्लान तैयार किया गया है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। - पंकज कुमार, ईई पीएमजीएसवाई