बागेश्वर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हरकोट में दो साल पूर्व पदोन्नति के तहत चार्ज लेकर दोबारा स्कूल न आने वाले शिक्षक का विभाग ने वेतन रोक दिया है। स्कूल में शिक्षक की तैनाती न होने से नाराज अभिभावकों ने विभाग से विद्यालय में शीघ्र शिक्षक तैनात करने की मांग की है।
प्राथमिक विद्यालय हरकोट में दो साल पूर्व विभाग ने पदोन्नति के साथ शिक्षक राजेंद्र सिंह को भेजा था। शिक्षक ने हरकोट में प्रमोशन के साथ चार्ज तो लिया, लेकिन चार्ज लेने के बाद वह विद्यालय नहीं पहुंचे। पिछले दो साल से एकमात्र शिक्षक ही बच्चों को पढ़ा रहे हैं। अभिभावकों ने बताया कि इस बीच विभाग ने शिक्षण कार्य करा रहे प्रधानाचार्य का भी व्यवस्था के तहत कपकोट तबादला कर दिया है।
ऐसी स्थिति में बच्चों का शिक्षण कार्य प्रभावित होने की संभावना है। विद्यालय में कुल 14 बच्चे अध्ययनरत हैं। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि हरकोट विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती और वर्तमान शिक्षक का समायोजन रद नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बुधवार को इस आशय का एक ज्ञापन भी डीईओ बेसिक, डीएम, एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा है।
कोट.....
हरकोट में चार्ज लेने के उपरांत दोबारा विद्यालय नहीं आने वाले शिक्षक राजेंद्र सिंह का वेतन रोकने का आदेश दिया है। ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र के अभिभावकों की चिंता को गंभीरता से लिया गया है। जल्द इस पर कार्रवाई होगी। - मोहम्मद अंसारी, डीईओ बेसिक