कपकोट (बागेश्वर)। चार माह बाद भी भराड़ी-पिंडारी सड़क को लोक निर्माण विभाग अभी तक नहीं खोल पाया है। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश बना हुआ है। सड़क सुचारु न होने से परेशान टैक्सी चालकों ने एसडीएम से सड़क को शीघ्र सुचारु करने के लिए लोनिवि को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने सड़क के शीघ्र न खुलने पर नौ सितंबर से भराड़ी बाजार में चक्काजाम करने की चेतावनी दी।
उपजिलाधिकारी राकेश चंद्र तिवारी को दिए ज्ञापन में चालकों और मालिकों ने कहा है कि भराड़ी पिंडारी सड़क भानी गांव के समीप चार महीने पहले पहाड़ी दरकने से बंद हो गई थी। लोनिवि ने सड़क 15 अगस्त तक खोलने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक सड़क नहीं खोली गई है। सड़क के बंद होने से क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सरयू और रेवती घाटी के वाहनों को रीठाबगड़ से कपकोट होते हुए कपकोट-कर्मी सड़क से भराड़ी और बागेश्वर जाना पड़ रहा है।
इसमें उनका अतिरिक्त धन और समय बर्बाद हो रहा है। सड़क की हालत खस्ता होने से वाहनों में भी तकनीकी खराबी आ जा रही है। उन्होंने एसडीएम से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में गोविंद बड़ती, गोविंद ऐठानी, दीपू कोरंगा, प्रेम पुरी गोस्वामी, बलवंत सिंह, राजू, लोकपाल सिंह, बलवंत सिंह,भगवत सिंह, प्रताप साह महिमन सिंह, ललित बिष्ट, नरेंद्र कोरंगा, हयात दानू, दरबान बड़ती, दरबान बड़ती आदि शामिल थे।