बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने गौलाआगर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के ब्लैक बोर्ड पर अक्षर साफ न दिखाई देने पर प्रधानाध्यापक को नया ब्लैक बोर्ड खरीदने के निर्देश दिए। इस दौरान पाया गया कि विद्यालय की छत कई जगह से टपकती है। छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए एक ही कमरा सही स्थिति में है। इस पर उन्होंने सीईओ को भवन की मरम्मत के लिए जिला योजना प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए। डीएम को बताया गया कि विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर नहीं है। इस पर डीएम ने फर्नीचर की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण की जानकारी ली। बताया गया कि कक्षा चार के छात्र साहिल के कान में दर्द है। इस पर उन्होंने शिक्षकों को साहिल को जल्द चिकित्सक को दिखाने के निर्देश दिए।