कपकोट (बागेश्वर)। पिंडारी सड़क के जाजर में नाली का निर्माण नहीं होने से घरों और जल संस्थान की टूटी लाइन का पानी सड़क पर बह रहा है। इससे जहां वाहनों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं राहगीरों की समस्या भी दोगुनी हो गई है। लोगों ने लोनिवि से नाली का निर्माण करने और जल संस्थान से लाइन को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
पिंडारी सड़क के जाजर में सड़क किनारे नाली का निर्माण नहीं किया गया है। इससे घरों का गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इसी जगह पर जल संस्थान की पानी की लाइन भी टूटी हुई है। घरों और पानी लाइन का पानी सड़क पर फैलने से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे जहां वाहनों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं पैदल चलने वालों की समस्या भी दोगुनी हो गई है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि उन्होंने लोनिवि से सड़क की नाली और जल संस्थान से पाइप लाइन ठीक करने के लिए कई बार कह दिया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में गोविंद राम, रमेश राम, जोगा राम टम्टा, दीवान सिंह आदि शामिल हैं।