देवलचौरा ग्राम पंचायत के इंदिरा कालोनी के सात आपदा पीड़ितों का 11 साल बाद भी विस्थापन नहीं होने के कारण उनमें रोष है। बरसात के समय तो प्रभावितों की रात की नींद उड़ जाती है। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। इसमें उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्राम प्रधान महेश लाल धौनी ने कहा है कि 24 जून 2004 को अत्यधिक बारिश होनेे से इंदिरा कालोनी के सात लोगों के घर खतरे की जद में आ गए थे। शासन-प्रशासन के नुमाइंदों ने प्रभावित क्षेत्र का मौका मुआयना किया।
विस्थापन की कार्रवाई होने की सूचना दी, लेकिन आज तक किसी भी पीड़ित का विस्थापन नहीं हो सका है। विस्थापन की फाइल कहां दबी है इसके बारे में भी कोई बताने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश का पानी पीड़ितों के घरों में घुस जाता है। उन्होंने डीएम से प्रभावितों का शीघ्र सुरक्षित स्थल पर विस्थापन कराने मांग की है।