बागेश्वर। जोर-शोर से बिल वसूली अभियान चलाने वाले जल संस्थान की सरकारी विभागों पर एक नहीं चली। जल संस्थान का 70 लाख रुपये दबाकर बैठे सरकारी विभागों ने मार्च माह के अंतिम तिथि तक भी बिल देने की जहमत नहीं उठाई।
सरकारी महकमों से बिल वसूल करने में जल संस्थान को सफलता नहीं मिल सकी। मार्च माह के अंतिम सप्ताह तक भी सरकारी महकमों पानी के बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिले के 20 से अधिक विभागों पर जल संस्थान का 70 लाख से अधिक का बकाया है। कई प्रयासों के बाद भी मार्च माह की अंतिम तिथि तक भी सरकारी विभागों ने जल संस्थान के बिल की राशि अदा नहीं की।
कोट : जिन विभागों पर बकाया है उनसे राशि वसूलने की कोशिश की जा रही है। मार्च के बाद सभी बकाएदारों को नोटिस जारी किया जाएगा। बिल जमा नहीं करने वालों का पेयजल संयोजन विच्छेद किया जाएगा। - दीनदयाल, अभियंता जल संस्थान
एएनएम सेंटर, पटवारी चौकी के पानी के कनेक्शन काटे
कपकोट (बागेश्वर)। जल संस्थान ने पानी के बिल की बकाया धनराशि जमा नहीं करने पर एएनएम सेंटर और पटवारी चौकी के साथ-साथ भराड़ी और कपकोट में 15 लोगों के पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। जल संस्थान के जेई केसी जोशी ने बताया एएनएम सेंटर जाजर पर 175121 रुपये, पटवारी चौकी जाजर पर 121371 रुपये का बकाया है। बिल जमा न होने पर उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं। ब्यूरो
सरकारी विभागों समेत कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे
बागेश्वर/ कपकोट। बिजली के बिल जमा न करने पर ऊर्जा निगम ने बीएसएनएल के दो मोबाइल टावरों समेत कई विभागों व उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। मोबाइल टावरों के कनेक्शन काटे जाने से कई गांवों की मोबाइल सेवा ठप हो गई है।
ऊर्जा निगम के अनुसार बीएसएनएल के महरूड़ी टावर ने 55 हजार तथा नंदीगांव टावर ने 26 हजार रुपये बकाया है। कई बार आग्रह के बाद भी बीएसएनएल ने बिल का भुगतान नहीं किया। शनिवार को दोनों टावरों की बिजली काट दी गई है। बिजली काटने से इन टावरों जुड़े कई गांवों में मोबाइल के सिग्नल गायब हो गए हैं। बीएसएनएल के अभियंता सीएस लोहनी ने बताया कि एक दो दिन में बिल जमा करने का प्रयास किया जाएगा।
ऊर्जा निगम के अधिशाषी अभियंता बीएन पांडेय ने बताया ऊर्जा निगम ने आधा दर्जन से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं के भी संयोजन काटे दिए हैं। दोबारा कनेक्शन जोड़ने की राशि उपभोक्ता से ली जाएगी।
31 मार्च रविवार को भी बिल काउंटर खुला रहेगा। कपकोट में यूपीसीएल ने बिजली के बिलों का भुगतान न होने पर लोनिवि कार्यालय, थाना समेत कई विभागों व अन्य उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। जेई जीवन चंद्र जोशी ने बताया पीपीएल, पीएचसी, स्वान सेंटर, लोनिवि, थाना, लोनिवि डांक बंगला, सिंचाई विभाग, लीसी डिपो, वन रेंज कार्यालय, एफसीआई भराड़ी समेत कई के कनेक्शन काटे गए हैं।