बागेश्वर। डायट ऊधमसिंह नगर से जिला शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थान के शैक्षिक भ्रमण पर आए छह प्रवक्ता बृहस्पतिवार को लौट गए हैं। प्राचार्य डॉ. धर्म सिंह रावत के नेतृत्व में आए प्रवक्ताओं ने डायट के सातों विभागों की कार्य प्रणाली और उनके आपसी सामंजस्य के बारे में जाना। टीम ने द्विवर्षीय डीएलएड के प्रशिक्षुओं के साथ संवाद किया। प्रशिक्षु प्रवक्ताओं को शिक्षा के क्षेत्र में आ रही नवीन चुनौतियों और शिक्षण विधाओं से अवगत कराया गया।
भ्रमण दल को डायट के प्रवक्ता रवि जोशी ने द्विवर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण की रूपरेखा और कार्यप्रणाली के बारे में, प्रवक्ता संजय गुरुरानी ने हाल में ही डायट की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी। सेवारत विभाग के प्रवक्ता संदीप जोशी ने जिले में संचालित नवाचारी गतिविधियों, नियोजन और प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता कैलाश प्रकाश चंदोला ने वर्ष 2017-18 में प्रस्तावित प्रशिक्षणों की रूपरेखा, प्रवक्ता डॉ. दया सागर ने बागेश्वर के परिदृश्य और डायट के इतिहास, डीआरयू विभाग के प्रवक्ता नर सिंह मौर्य ने डायट में संचालित शोध प्रकोष्ठ और उसकी कार्य प्रणाली से अवगत कराया। प्रवक्ता आद्या सिंह ने हिंदी भाषा के विकास के लिए विकसित किए जाने वाले मॉड्यूल ओजस और कार्यानुभव विभाग के प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने डायट द्वारा विकसित विभिन्न नवीन मॉडलों और क्रियाकलापों जबकि कार्यालय प्रवर सहायक आनंद बिष्ट ने भ्रमण दल को पुस्तकालय प्रबंधन और रखरखाव की जानकारी दी।
इस दौरान डायट के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजीव जोशी के अलावा भ्रमण दल में डायट ऊधमसिंह नगर के प्राचार्य डॉ. रावत, प्रवक्ताओं में डॉ. मनोज कुमार, मोहन सिंह रावत, दिनेश खेतवाल, पूरन चंदोला और कुशल सिंह ऐरी आदि थे।