बागेश्वर। निर्माणाधीन रौल्याना-लोहागढ़ी सड़क का निर्माण तीन साल बाद भी पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। खस्ताहाल सड़क पर पैदल चलना तक मुश्किल है। गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीमए रंजना को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि रौल्याना-लोहागढ़ी गत तीन साल से निर्माणाधीन चल रही है। इस सड़क से बज्वाड़, लोहागढ़ी, छत्यानी, खिलाफखेत और अगरकोट की करीब 10 हजार की आबादी जुड़ी हुई है।
इस साल की बरसात से कई जगह सड़क का किनारा कट गया है, जबकि दीवारों के क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें पैदल चलना भी अब मुश्किल हो गया है। सड़क में हुई क्षति और शेष कामों को शीघ्र पूरा करने के लिए कई बाद पीएमजीएसवाई से मांग की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
उन्होंने डीएम से सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिपं सदस्य नंदी भंडारी, ग्राम प्रधान पुष्पा देवी, सरपंच रमेश भंडारी, रमेश भंडारी, जवाहर राम आदि थे।