कपकोट (बागेश्वर)। एक पखवाड़े से भी अधिक समय से नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली की आंखमिचौली चल रही है। बिजली के दिन में कई बार गुल रहने से लोग परेशान हो गए हैं। कारोबार के साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है। ग्रामीण इलाकों में शाम होते ही तेंदुए के धमकने को डर अलग से सताता है। ग्राम प्रधान पूरन कपकोटी कपकोट, गिरीश जोशी झांकरा, डीआर तिरूवा पोलिंग आदि ने यूपीसीएल को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र अनियमितता दूर नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इधर, यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि लाइन में खराबी होने या लोड बढ़ने पर ही शटडाउन लिया जाता है, बाकी समय आपूर्ति सुचारु चल रही है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति सुचारु रखने के उप खंड अधिकारियों को खास निर्देश दिए गए हैं।