बागेश्वर में 10040 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा देंगे। परीक्षाओं के लिए कुल 108 केंद्र बनाए गए हैं। तीन मार्च से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) रमेश चंद्र आर्य ने प्रधानाचार्यों को परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन बनाने के निर्देश दिए।
सीईओ आर्य ने बुधवार को प्रधानाचार्यों की बैठक में बताया कि जनपद में हाईस्कूल रेगुलर में कुल 2677 छात्र, 2691 बालिकाएं, प्राइवेट में 154 छात्र, 100 बालिकाएं रजिस्टर्ड हैं। इंटर रेगुलर में 1960 छात्र, 2031 छात्राएं, व्यक्तिगत में 247 छात्र, 180 छात्राएं रजिस्टर्ड हैं।
इंटर कॉलेज दफौट, राइंका देवतोली, राइंका कर्मी, राइंका बघर, राइंका सौंग, राइंका मजखेत, राइंका सूपी, राइंका सलानी, राइंका अमस्यारी, राइंका बदियाकोट परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। सीईओ ने सभी प्रधानाचार्यों, परीक्षा केंद्र प्रभारियों से बोर्ड परीक्षाओं को जिम्मेदारी पूर्वक संपन्न कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को पूरी तरह से नकल विहीन बनाया जाएगा। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से इस पर विशेष रूप से ध्यान देने को कहा। उन्होंने परीक्षाओं को लेकर जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जगमोहन सोनी, बेसिक आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश जोशी, उप शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान, रमेश चंद्र मौर्य, चंपा देवी आदि थे।