बागेश्वर में आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग।
- फोटो : अमर उजाला
भूस्खलन और भारी मलबा आने से जिले में 10 मोटर मार्ग बंद रहे। इन सड़कों पर दिनभर यातायात ठप रहा। इससे आवागमन पर निर्भर 10 हजार की आबादी यातायात सेवा से वंचित रही। शुक्रवार को 10 मोटर मार्ग बंद रहने से दर्जनों ग्रामीण इलाकों का सीधा संपर्क टूटा रहा। हजारों लोग आवाजाही नहीं कर पाए। अलबत्ता जरूरी हाल में तमाम ग्रामीणों ने कई किमी पैदल दूरी भी नापी।
बालीघाट-दोफाड़-धरमघर, बागेश्वर-दफौट, कांडा-सानिउडियार, कपकोट-तेजम, कपकोट-पोलिंग, पोलिंग-शोभाकुंड, पोथिंग-मजेड़ा मोटर मार्ग पर मलबा आने से घंटों तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों में यात्री फंसे रहे। बाद में कार्यदायी संस्था ने मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया।
जिले में बंद मोटर मार्ग
कपकोट-पिंडारी
भयू-गडेरा
भानी-हरसिंग्याबगड़
धरमघर-माजखेत
शामा-नौकुड़ी
गैनाड़-लीली
हरसिला-पुड़कुनी
कपकोट-कर्मी
शामा-लीती-गोगिना
बिजोरीझाल-ओखलसौं
दो मकान, इंटर कालेज भवन क्षतिग्रस्त
कपकोट तहसील के बीथी पन्याती गांव में शुक्रवार को जोगा राम, काफलीगैर तहसील के करासीबंगा गांव में राजेंद्र राम के मकान को भारी नुकसान पहुंचा। आपदा की सूचना पर राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन किया। प्रभावितों ने प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। इधर, राइंका देवतोली का पुराना दोमंजिला भवन क्षतिग्रस्त हो गया। अभिभावकों ने क्षतिग्रस्त भवन की जल्द मरम्मत की मांग की है। ब्यूरो
पेयजल आपूर्ति ठप, बिजली गुल
भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। सरयू का जलस्तर बढ़ने से नगर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे कठायतबाड़ा योजना ठप पड़ी है। क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर भारी बारिश के बीच खाईबगड़ और गोगिना में बिजली पोल गिर गए। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई है। इधर, लाइन पर आए फॉल्ट के चलते खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, आसपास के घरों में चार दिन से बिजली गुल है। शिक्षा अधिकारी एनके आर्या ने यूपीसीएल से आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।