विकास भवन बागेश्वर में बैठक लेतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन कार्यालय में जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत वाहन/गैरवाहन मद एवं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास ऋण राज्य सहायता विकास योजना के आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 12 आवेदकों के लिये 1.09 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई।
डीएम ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाना एवं उनकी आर्थिकी को बेहतर करना है। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर स्थापित योजनाओं की स्थिति की जानकारी रखने के भी निर्देश दिये। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार के तहत जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक में कुल 14 आवेदन मिले, इनमें दो आवेदक अनुपस्थित थे। 12 आवेदकों को इस योजना के लिए 1.09 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गयी।
होम स्टे योजना के तहत 12 आवेदन मिले, इसमें कमेटी ने सभी आवेदकों को इस योजना के लिए 1.99 करोड़ की सैद्धांतिक स्वीकृत दी गयी। गैर वाहन मद में छह आवेदन मिले, इसमें पांच आवेदक आए थे, इसके लिए 46.02 लाख रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गयी। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, लीड बैंक अधिकारी एमएस पांगती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, एआरटीओ कृष्ण चंद्र पलड़िया, जीएम डीआईसी वीसी चौधरी आदि थे।