पदोन्नति की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षकाें ने यहां डायट, मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला शिक्षा कार्यालय बेसिक में तालाबंदी की। मुख्य शिक्षा अधिकारी बीएन सिंह का घेराव किया। शिक्षकों ने पदोन्नति, सत्रांत लाभ, देयकों के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की, आंदोलन तेज करने की धमकी दी।
प्राथमिक शिक्षक संघ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यहां डायट, मुख्य शिक्षा कार्यालय, जिला शिक्षा कार्यालय बेसिक में सुबह दस बाद ही तालाबंदी कर दी थी। कुछ देेर के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी का घेराव किया गया। शिक्षक संघ की बागेश्वर ब्लाक इकाई के पदाधिकारियों सहित कई शिक्षकों ने यहां आकर सभा की।
उन्होंने तमाम मांगाें पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को सत्रांत लाभ नहीं दिया जा रहा है। पदोन्नति के मामलों को भी लटकाया जा रहा है। कई बार अधिकारियों के सामने यह मांगें रखी गईं, लेकिन समाधान नहीं हो सका है।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी तालाबंदी जारी रहेगी। शनिवार को कपकोट ब्लाक के शिक्षक तालाबंदी करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर कांडपाल, बलवंत कालाकोटी, हेम पांडे, विक्रम पिल्खवाल, जीत कुमार पांडे, कैलाश चंदोला, आनंद जनौटी, दीप रावत आदि उपस्थित थे।
शिक्षकों की तालाबंदी के कारण यहां डायट में जारी शिक्षक प्रशिक्षण शुक्रवार को नहीं हो सका। जिला स्तरीय कार्यालय में भी सामान्य काम काज ठप रहा।