शहर की फिजा बुधवार को बिगड़ते-बिगड़ते बची। मोहल्ला छंगा दरवाजा में सुबह करीब साढ़े छह बजे खून से लथपथ एक जानवर बस्ती में घुस आया। इसको लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।
सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला संभाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। तनाव के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात है।
शहर के मोहल्ला छंगा दरवाजा में एक व्यक्ति बुधवार सुबह जानवर को मार रहा था। घायल होने के बाद खून से लथपथ जानवर दूसरे समुदाय की बस्ती में घुस गया, जिससे सड़क, दीवारों और घरों के दरवाजों पर खून के छींटें लग गए।
सुबह करीब साढ़े छह बजे जब बस्ती में चहल पहल शुरू हुई तो जगह-जगह खून देखकर लोग भड़क गए। वे बस्ती में एकत्र होना शुरू हो गए। मामले की सूचना पुलिस को मिली तो कोतवाली पुलिस वहां आ गई।
समझाने के बावजूद स्थिति नियंत्रण में न आते देख कोतवाल ने आला अफसरों को जानकारी दी। इसके बाद डिडौली, देहात, रजबपुर, नौगावां सादात की पुलिस को भी बुला लिया गया। पीएसी भी मौके पर आ गई।
इस बीच पहुंचे सीओ सिटी शील कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर खून को साफ कराया। बस्ती की गलियों में धुलाई कराई गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। कई घंटे की बातचीत के बाद लोगों को शांत किया गया, हालांकि एहतियातन मोहल्ले में पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है।
घंटों जमी रही कई थानों की पुलिस
अमरोहा। शहर का मोहल्ला छंगा दरवाजा पुलिस की डायरी में सबसे संवेदनशील इलाका है। यहां दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति का बना रहना कोई नई बात नहीं है।
बुधवार को भी यहां दो समुदाय आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते ही सीओ सिटी कई थानों की पुलिस के साथ घंटों तक जमे रहे, फिलहाल मोहल्ले में एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है।