थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर में सोमवार को तनावपूर्ण शांति रही। दो समुदायों के आमने-सामने आने के मामले में दोनों पक्षों के 19-19 लोगों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट करने और आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर की गई है।
इधर, गांव में अभी भी पुलिस बल तैनात है, जबकि गंगू सैनी पक्ष के लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज किए जाने पर भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई है। पालिकाध्यक्ष राजेश सैनी की अगुवाई में पीड़ित पक्ष के लोगों ने थानाध्यक्ष से मिलकर अपना रोष व्यक्त किया।
रविवार को थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी यशपाल पुत्र गंगू सैनी व फिरोज पुत्र शौकीन के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप है कि, इसकेे बाद फिरोज के पक्ष के लोगों ने गंगू के घर पर चढ़ाई कर दी। दो लोगों के घर में आग लगा दी गई।
घर में घुसकर महिलाओं को धारदार हथियार से घायल कर दिया गया। दो समुदाय के लोगों के बीच विवाद ने सांप्रदायिक रूप ले लिया। गांव में तनाव की स्थिति बन गई। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
देर रात यशपाल की तहरीर पर शौकीन, शाहबुद्दीन, हारून, अरशद, फिरोज, जुल्फिकार समेत 19 व शाहबुद्दीन की तहरीर पर गंगू, सुंदर, करन सिंह, दुलीचंद, नौबहार सिंह, नरेेश समेत 19 के खिलाफ रिपोर्ट कर ली गई। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
थानाध्यक्ष से मिले
मंडी धनौरा। गंगाराम सैनी उर्फ गंगू के पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से खफा भाजपा नेता और पालिकाध्यक्ष राजेश सैनी के नेतृत्व में पर परिजन सोमवार सुबह एसओ से मिले। यहां गंगाराम के परिवारवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर नाराजगी जताई।
भाजपा नेता का आरोप था कि पुलिस राजनैतिक दबाव में काम कर रही है। पीड़ितों को ही आरोपी बना दिया गया है। थानाध्यक्ष डीसी शर्मा ने आश्वासन दिया कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।