विकास भवन में आयोजित सादे समारोह में बृहस्पतिवार को जिले की नई सरकार का गठन हो गया। जिलाधिकारी वेदप्रकाश ने जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई।
इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने 12 जिला पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराके कामकाज की शुरुआत की।
बाद में जिलाधिकारी वेद प्रकाश ने जिला पंचायत अध्यक्ष से कार्तिक माह में लगने वाले तिगरी मेले के लिए शासन से नई सुविधाएं मुहैया कराने का आह्वान किया।
बोले-जिला पंचायत अध्यक्ष को तिगरी मेले में सुविधाओं के लिए पैरवी करनी चाहिए। वहीं एमएलसी डा.जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि रेनू चौधरी निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुईं हैं।
इसलिए जनता की अपेक्षाएं और बढ़ र्गइं हैं। अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए रेनू चौधरी को अधिक प्रयास करने होंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव स्वरूप टंडन ने सलाह दी कि, जिला पंचायत अध्यक्ष खुद भ्रमण करें और देखें कि कहां पर काम कराने की जरूरत है।
पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि सभी वर्ग एवं समुदाय के लोगों की इच्छा थी कि रेनू चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष बनें। इसके लिए वह खुद नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से मिले और जानकारी दी।
इस पर नेताजी ने कह दिया कि ठीक है, जाओ जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तैयारी करो। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर और नौगावां सादात विधायक अशफाक अली खां के सहयोग की भी चर्चा की। इस दौरान पूर्व एमएलसी डा. हरिसिंह ढिल्लो ने कहा कि रेनू की जीत में भाजपा का समर्थन भी जुड़ा हुआ है। इसलिए इनकी जीत अहम है।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विजयपाल सैनी, बुद्धसिंह, मुख्य विकास अधिकारी शिव कुमार मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन, समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार यादव, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मजीद अहमद खां, अपर मुख्य अधिकारी तपेश वर्मा, ब्लाक प्रमुख बलवीर सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
जिपं अध्यक्ष ने इन सदस्यों को ग्रहण कराई शपथ
वैशाली, रवि यादव, हनीफा, सरिता, महेश कुमार, हरीश कुमार, सुषमा, राजीव, आकिब चौधरी, रामपाल सिंह खड़गवंशी, हुस्ना परवीन, अशरफ अली।
सकीना-परवेज समेत 15 सदस्य नदारद
अमरोहा। जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्री महबूब अली की पत्नी जिला पंचायत सदस्य और अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार रहीं सकीना बेगम उनके पुत्र परवेज अली, रियाजुल, हाजी इफ्तेकार, पूनम अरुण आदि 15 सदस्य नहीं थे।
जिला पंचायत सदस्यों के लिए शपथ ग्रहण करने के लिए तीन-तीन बार नाम बुलाए गए। फिर भी पंडाल में से कोई नहीं उठा। क्योंकि 15 सदस्य मौजूद ही नहीं थे।
भाजपाइयों की संख्या अधिक रही
सपा की सत्ता थी और सपा की बदौलत ही रेनू चौधरी को निर्विरोध के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान मिली। लेकिन समारोह में भाजपाइयों की संख्या अधिक दिखाई दी।
जिसमें एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व एमएलसी डा. हरिसिंह ढिल्लो, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश त्यागी, पूर्व महामंत्री युद्धवीर सिंह आदि प्रमुख नेताओं के अलावा कार्यकर्ता मौजूद भी थे। डा. हरिसिंह ढिल्लो समेत कुछ नेताओं ने कह भी दिया कि भाजपा के समर्थन भी रेनू को रहा है।
नहीं लगे मुलायम और अखिलेश जिंदाबाद के नारे
जिनकी बदौलत चुनाव निर्विरोध हुआ, उसी दल के समर्थकों की संख्या काफी कम दिखी, न सपा मुखिया जिंदाबाद हुआ और न मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जय जयकार।
समारोह के निमंत्रण पत्र भी नहीं बंटे
जिला पंचायत अध्यक्ष शपथ ग्रहण के कार्यक्रम के लिए निमंत्रण पत्र भी छपे या नहीं छपे किसी को पता नहीं। क्योंकि किसी के पास निमंत्रण पत्र नहीं पहुंचा। जिला पंचायत ने बजट में कटौती करके एक सादा समारोह ही आयोजित कर लिया।
जिले का चहुंमुखी विकास होगा: रेनू
अमरोहा। शपथ ग्रहण करने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी ने कहा कि जिले का चहुंमुखी विकास कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लालबत्ती लेकर लालबत्ती का फर्ज अदा करेंगे।
जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाएगा। सड़कों और पुलों के अलावा प्राचीन तिगरी मेला का भी कायाकल्प किया जाएगा। पांच साल में जो भी काम होंगे आम लोगों को महसूस होगा कि जिले में विकास कार्य हुआ है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सहयोग भी मांगा।
अध्यक्ष को सौंपी समितियों के गठन की जिम्मेदारी
अमरोहा। जिला पंचायत की पहली बैठक शपथ ग्रहण समारोह के बाद जिला पंचायत कार्यालय में हुई। बैठक में अध्यक्ष रेनू चौधरी ने कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद समितियों के गठन की चर्चा हुई। मौजूद सदस्यों ने इसकी जिम्मेदारी अध्यक्ष के ऊपर ही छोड़ दी।
जिला पंचायत में अध्यक्ष रेनू चौधरी की अध्यक्षता में पहली बैठक हुई। जिसमें शपथ लेने वाले 12 सदस्य मौजूद थे। इस पर चर्चा हुई कि कोरम पूरा नहीं है, लेकिन अपर मुख्य अधिकारी तपेश वर्मा ने कहा कि एक तिहाई सदस्यों की मौजूदगी में पहली बैठक का कोरम पूरा माना जाता है।
इस चर्चा के बाद जिला पंचायत की समितियों के गठन पर चर्चा हुई, मौजूद सदस्यों ने समितियों के गठन के लिए अध्यक्ष को ही जिम्मेदारी सौंप दी। बैठक में सदस्यों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी और पूर्व कैबिनेट मंत्री चंद्रपाल सिंह, ब्लाक प्रमुख जयदेव सिंह आदि मौजूद रहे।