क्षेत्र से फरार हुई युवती के मामले में धनौरा के विधायक एम चंद्रा के बेटे और भतीजे समेत छह के खिलाफ धनौरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मंडी धनौरा से सपा विधायक एम चंद्रा के भतीजे विवेक पुत्र राजाराम वाल्मीकि का दो साल से शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार दिन पहले युवती फरार हो गई।
लड़की के पिता ने थाने में तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। बृहस्पतिवार को वे अमरोहा आए और कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा से शिकायत की। इस पर उन्होंने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा।
एसपी के आदेश पर धनौरा पुलिस ने विवेक, उसके पिता राजाराम वाल्मीकि, मां अनु, भाई पंकज, बहन और तहेरे भाई एवं विधायक के बेटे कपिल चंद्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ सतेंद्र कुमार ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर विधायक के बेटे और भतीजे समेत छह परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विधायक के बेटे बोले, आठ दिन से गायब है विवेक
अमरोहा। इस संबंध में जब विधायक के पुत्र कपिल चंद्रा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। विवेक जयपुर में पढ़ाई कर रहा है और पिछले आठ दिन से गायब है।
इसे लेकर परिजन पहले से ही बेहद परेशान हैं। परिजनों की पिटाई के बाद लड़की अपनी मर्जी से यहां से गई है। हमें सिर्फ टारगेट किया जा रहा है।