बोलेरो सवार कई लोग शुक्रवार की रात घर से एक युवक को जबरन उठाकर ले गए। सौ नंबर पर सूचना भी दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित परिवार ने प्रदर्शन कर शनिवार को एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ईंट भट्ठा मालिक और ठेकेदार पर अपहरण का आरोप लगाया।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव गफ्फारपुर के कई लोग शनिवार को एसपी दफ्तर पहुंचे। करन सिंह पुत्र चेतराम सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात वह सिंचाई करने के लिए खेत पर गया था। करीब दस बजे एक बोलेरो उसके घर के बाहर आकर रूकी। उसमें से चार-पांच लोग उतरे और दरवाजा खटखटाया।
उसका बेटा सुरेंद्र घर से बाहर आया तो आरोपियों ने सुरेंद्र को पकड़ लिया और जबरन गाड़ी में बैठाने लगे। शोर मचाने पर परिजन घर से बाहर निकलकर आए और विरोध करने पर मारपीट और गाली गलौज करने लगे। इसके बाद हथियार दिखाकर वह सुरेंद्र का अपहरण करके ले गए।
तुरंत सौ नंबर पर घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन रातभर पुलिस नहीं पहुंची। पीड़ितों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जिला संभल के थाना असमौली क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा मालिक और एक ठेकेदार पर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन भी किया।