अमरोहा। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कलां में चुनावी रंजिश को लेकर एक बार फिर फायरिंग हो गई। प्रधान के समर्थकों ने एक पराजित प्रत्याशी के समर्थक की पिटाई कर दी। पिता पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कलां निवासी सनव्वर पुत्र सिराजुद्दीन ने युसूफ अली को चुनाव लड़ाया था। युसूफ अली चुनाव में हार गया। बुधवार को सनव्वर गांव से अपने घर जा रहा था।
आरोप है कि, रास्ते में खड़े नवनिर्वाचित प्रधान वाहिद अली के समर्थक रियाजुद्दीन पुत्र रमजानी व उसके पुत्र भूरा, महबूब ने युसूफ के चुनाव चिन्ह कैरम को लेकर सनव्वर पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं।
विरोध करने पर तीनों ने मिलकर सनव्वर की पिटाई कर दी और गाली गलौज करते हुए हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिससे गांव का माहौल गरमा गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और थाने ले आई। सनव्वर की तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वोट न देने पर दलितों को पीटा, प्रदर्शन
अमरोहा। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मुरीदपुर अटारी में रहने वाले दलितों को 13 दिसंबर की रात सिर्फ इस बात पर पीटा गया कि उन्होंने जीते हुए प्रत्याशी को वोट नहीं दिया था।
दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को पीटकर घायल कर दिया था। गजरौला पुलिस ने जब रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तो पीड़ित बुधवार को एसपी दफ्तर पहुंचे और एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मुरीदपुर अटारी के तमाम दलित बुधवार को एसपी दफ्तर पहुंचे और बताया कि गांव में जाटव बिरादरी की संख्या काफी कम है।
गांव की रंजिश को देखते हुए उन्होंने खुलकर किसी भी प्रत्याशी को चुनाव नहीं लड़ाया था। लेकिन 13 दिसंबर की रात जीते हुए प्रत्याशी के तमाम समर्थक उनके घरों में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी।
यहां तक की महिलाओं को बच्चों तक को नहीं बख्शा। थाने गए तो, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। अब दबंग थाने जाने पर उन्हें गांव से बाहर निकालने की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने यहां प्रदर्शन भी किया। नेमपाल, शीशपाल, ब्रजपाल, अमरपाल, बब्लू, विजय, गंगाराम, ओमपाल, अरूण, मिंटू कुमार, सोना देवी व मुन्नी देवी आदि शामिल थे।