रेलवे ट्रैक पर किशोर की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली-मुरादाबाद रेलवे लाइन पर बगद नदी की पुलिया के पास लाश पड़ी देख ट्रैक चेक कर रहे रेल कर्मी ने कंट्रोल को सूचना दी तो थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पीएम रिपोर्ट से ही हत्या या आत्महत्या या हादसे की पुष्टि हो सकेगी। वहीं सिर न मिलने से शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। पुलिस सिर तलाश कर रही है।
दिल्ली-मुरादाबाद रेलवे लाइन पर मंगलवार की सुबह मुरादाबाद से 56 किलोमीटर पर बगद नदी की पुलिया के पास खंभा नंबर 14 और 15 के बीच ट्रैक के बीचों बीच एक क्षत विक्षत लाश पड़ी थी। करीब साढ़े आठ बजे ट्रैक चेक कर रहे रेलकर्मी चतुर सिंह की लाश पर नजर पड़ी तो उसने तत्काल कंट्रोल को सूचना दी। सूचना पाकर करीब डेढ़ घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लाश किसी किशोर की बताई जा रही है। सिर गायब था।
गर्दन के नीचे से घुटने तक खाल उतरी हुई थी। गुप्तांग पर भी चोट के निशान थे। दोनों हाथ ऊपर की ओर थे। कच्छा पैरों के पंजों में उलझा हुआ था। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सिर नहीं होने से शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास की झाड़ियों में सिर की तलाश की लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या की ओर इशारा कर रहे मौके के हालात
गजरौला। मौके के हालात देख कर प्रतीत हो रहा है कि किशोर की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए लाश फेंकी गई है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। बता दें कि किशोर का सिर तो गायब था ही लेकिन उसके हाथ ऊपर की ओर थे। जिससे प्रतीत होता है कि किशोर की गला दबाकर हत्या की गई। बचाव में किशोर ने हाथ ऊपर की ओर किए। इतना ही नहीं हाथ पर कपड़ा भी बंधा मिला है। हो सकता है कि हत्यारों ने किशोर के साथ अपराध करने के दौरान उसके हाथ ऊपर की ओर बांध दिए हो।
पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा
गजरौला। ट्रैक पर मिली लाश किशोर की न होकर किशोरी की भी हो सकती है। क्योंकि मौके पर लाश को पहचानना मुश्किल हो रहा था। उम्र करीब 12 साल आंकी जा रही है। पूरे शरीर से खाल उतरी हुई थी। गुप्तांग पूरी तरह से नष्ट था। सिर गायब था। अब पीएम रिपोर्ट ही इसका खुलासा कर सकेगी कि लाश लड़की की है या लड़के की। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में लड़के की लाश मान शव पीएम को भेज दिया है।
वर्जन -
पुलिस टीम को मौके पर भेज कर जांच पड़ताल कराई गई है, मरने वाले की उम्र 11 से 12 साल बताई जा रही है, फिलहाल किशोर की ही लाश प्रतीत होती है, गुप्तांग नष्ट होने से आशंका बनी हुई है, शव पीएम को भेजा है, हत्या या आत्महत्या या हादसा पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, फिलहाल पुलिस सिर तलाश कर रही है। मोहन लाल, सीओ।