फिल्म सिंह इज ब्लिंग में लॉयन को जंजीर से बांधने का दृश्य दिखाना अभिनेता अक्षय कुमार और प्रोड्यूसर-निदेशक प्रभु देवा समेत चार लोगों को भारी पड़ गया।
पीपुल फॉर एनिमल आर्गनाइजेशन के प्रांतीय प्रभारी डा. रविंद्र शुक्ला की तहरीर पर इस मामले में थाना गजरौला में वन्य जीव क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।
पीपुल फॉर एनिमल आर्गनाइजेशन के प्रांतीय प्रभारी डॉ. रविंद्र शुक्ला ने 18 अक्तूबर को थाना गजरौला पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि ग्रेजिंग गॉट पिक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड मुंबई-49 की ओर से दो अक्तूबर 2015 को फिल्म सिंह इज ब्लिंग रिलीज की गई थी।
इसमें फिल्म के अभिनेता अक्षय कुमार लॉयन को जंजीर में बांध कर घुमाते हुए दर्शाए गए हैं। इस दृश्य की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। इस तरह के दृश्य भारत में दिखाना गैर कानूनी व प्रतिबंधित है, लेकिन फिल्म को तमाम सिनेमा हॉल में दिखाया गया है।