फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो सौ करोड़ से मॉडल सिटी बनेगा अमरोहा शहर

Sun, 17 Jan 2016 12:28 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
पतली गलियों और जलभराव से जूझ रहे अमरोहा के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। जल्द ही वे मॉडल शहर के निवासी कहे जाएंगे।
विज्ञापन


इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से मांगे गए प्रस्ताव पर कैबिनेट मंत्री रेशम एवं हथकरघा महबूब अली ने सौ करोड़ रुपये मांगे थे।

बाद में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने इसको अपडेट कर अंडरग्राउंड बिजली लाइनें बिछाने के लिए कॉरिडोर बनाने और सड़कों पर डिवाइडर आदि बनाने के प्रस्ताव को शामिल करके दो सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। मंजूरी मिलते ही शहर को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने पर कार्य शुरू हो जाएगा।

केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना की तर्ज पर प्रदेश सरकार ने शहरों को मॉडल सिटी बनाने की तैयारी की है। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के मंत्रियों से प्रस्ताव मांगे थे।
विज्ञापन


इसी सिलसिले में शहर विधायक/ कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने अमरोहा को मॉडल सिटी बनाने के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा है।

इसको मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलते ही शहर में नागरिकों को तमाम सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयास शुरू कर दिए जाएंगे। इसमें अंडर ग्राउंड बिजली लाइन के लिए अंडर ग्राउंड सुरक्षित कॉरिडोर बनाया जाना है। इससे सड़कें चौड़ी होने की भी उम्मीद है। चौड़ी सड़कों पर डिवाइडर भी बनाए जाने हैं।

भूमिगत लाइन के लिए मांगा सुरक्षित कॉरिडोर
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक अग्रवाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री महबूब अली के निर्देश पर पश्चिमांचल हेडक्वार्टर को पत्र भेजकर शहर में विद्युत लाइन अंडरग्राउंड कराने के लिए शहर का सर्वे कराने की मांग की गई है।

शासन से अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के लिए अलग से सुरक्षित कॉरिडोर की मांग की है। सीवर, जल निगम और टेलीफोन की लाइन भूमिगत होती हैं। इनके साथ लाइन बिछाने पर अंडरग्राउंड बिजली लाइन में फाल्ट हो जाने पर सही कराने में खासी दिक्कत होती है।

सीवर और जल निगम की पाइप लाइन साथ बिछी होने से भूमिगत विद्युत लाइन में फाल्ट अधिक होने की संभावना रहती है। अंडरग्राउंड लाइन में दिक्कत न हो इसके लिए शासन से अलग से सुरक्षित कॉरिडोर बनवाने की मांग की है। इसके लिए दो सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है।

स्मार्ट सिटी की तर्ज पर होगी मॉडल सिटी
केंद्र सरकार की ओर से तैयार की जा रही स्मार्ट सिटी की तर्ज पर ही प्रदेश सरकार मॉडल सिटी तैयार कर रही है। इसी के चलते कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने मुख्यमंत्री को शहर की विद्युत समस्या से अवगत कराते हुए घनी आबादी और तंग गलियों में बिजली के तार नीचे लटके होने, पोलों पर तारों का जाल बिछा होने से अक्सर हादसे होने की जानकारी दी थी।

इससे निजात दिलाने के लिए शहर में विद्युत लाइनें भूमिगत की जाएंगी। इसके लिए कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री से सौ करोड़ रुपये मांगे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनको शहर को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया है।

बदनामी से मिलेगी निजात
अमरोहा शहर को बदनामी से निजात मिलेगी। शहर जलभराव के लिए बदनाम रह चुका है। यहां की सड़कों पर महीनों पानी भरा रहने से शहर की छवि को दाग लग रहा है। यहां तक की रिश्ते तय होने में भी दिक्कत होती है, आने वाले दिनों में मॉडल सिटी बनने से अमरोहा शहर का दाग हटेगा।

अमरोहा में अंडरग्राउंड बिजली लाइनों को शासन के लिए दो सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। अलग कॉरिडोर बनाकर लाइनें अंडर ग्राउंड होंगी। जल्द इसके लिए सर्वे शुरू होने वाला है।-दीपक अग्रवाल अधिशासी अभियंता पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम
विज्ञापन


अमरोहा शहर मॉडल सिटी बनाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी गई है। बहुत जल्द यह योजना परवान चढ़ेगी और शहर प्रदेश के खूबसूरत शहरों में गिना जाएगा। जलभराव खत्म हो जाएगा और बिजली लाइन अंडरग्राउंड हो जाएंगी।
-महबूब अली कैबिनेट मंत्री (रेशम एवं हथकरघा)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें