देहात थाने के बाद अब टीपीनगर चौकी के दरोगा ने हद लांघ दी। अहरोई के प्रधान के बारे में किसी जानकारी से इंकार करने पर भड़के दरोगा ने दलित दुकानदार को बुरी तरह पीटा। पीड़ित पक्ष ने एसपी दफ्तर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
देहात थाना क्षेत्र के गांव मऊमयचक निवासी राजू पुत्र भगवत सिंह जाटव देहात थाने के बाहर कैलसा रोड पर परचून की दुकान संचालित करता है।
आरोप है कि रविवार शाम करीब चार बजे टीपीनगर चौकी का इंचार्ज ऋषि कुमार और कांस्टेबल इंद्रसेन दीक्षित उसकी दुकान पर आए और अहरोई के प्रधान गोविंद कुमार के बारे में पूछताछ करने लगे।
राजू ने जब अनभिज्ञता जाहिर की तो दरोगा ने दुकानदार को पीटना शुरू कर दिया। जी नहीं भरा तो दुकान से बाहर खींचकर सरेराह पीटा और गाली गलौज की। इस दौरान जुटी भीड़ ने किसी तरह राजू को बचाया। इसकी जानकारी जब परिजनों को लगी तो वे एसपी दफ्तर पहुंचे और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।