बैगन बेचने हसनपुर जा रहे किसानों को आदमपुर थाना क्षेत्र में बंधक बनाकर बदमाशों ने मैजिक लूट ली। बदमाश किसानों से नगदी, मोबाइल भी लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रविवार शाम को जिला बुलंदशहर के आहार निवासी मुसद्दी पुत्र सरदार, गांव के चार अन्य किसानों के साथ टाटा मैजिक में बैगन लादकर हसनपुर बेचने आ रहा था। गवां-रहरा रोड पर गांव दढ़ियाल के पास स्कार्पियो सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक करके मैजिक को हथियारों के बल पर रोक लिया। इसके बाद किसानों के साथ मारपीट कर गन्ने के खेत में बंधक बना कर डाल दिया और 900 रुपये, मोबाइल, सब्जी से लदी मैजिक लूटकर फरार हो गए। किसी तरह से खुद को बंधन मुक्त कर किसानों ने घटना की जानकारी आदमपुर पुलिस को दी। उधर, आदमपुर थानाध्यक्ष आरसी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
निरयावली के पास खेत में बैगन फेंककर भागे बदमाश
गंगेश्वरी(ब्यूरो)। रहरा-गवां रोड पर बदमाशों ने किसानों को बंधकर बनाकर जो टाटा मैजिक लूटी थी। उसे लेकर वह बुरावली- निरयावली मार्ग से होते हुए फरार हुए है। बदमाशों ने मैजिक में लदे बैगन गांव निरयावली के पास सड़क किनारे खेत में पलट दिया था। सुबह ग्रामीणों ने यहां बैगन फेंका देखा तो पुलिस को जानकारी दी।