मलेशिया शुगर मिल धनौरा मंडी के गन्ना क्रय केंद्र मझोला में सामान्य पर्ची न मिलने और तौल न होने से किसानों में आक्रोश है। गुस्साए किसानों ने रविवार को क्रय केंद्र पर गन्ने की होली जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया। शुगर मिल प्रबंध तंत्र से पर्ची दिलाने और तौल कराने की मांग की।
गांव मझोला में स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर मझौला, फोन्दापुर, बारसाबाद, दरियापुर व पाल गांव के किसानों का गन्ना खरीदा जा रहा है। रविवार को गन्ना लेकर क्रय केंद्र पर पहुंचे तमाम किसानों के गन्ने की तौल नहीं की गई और उन्हें वापस कर दिया गया।
इससे गुस्साए किसानों ने क्रय केंद्र पर ही गन्ने की होली जलाकर मिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि मलेशिया मिल के सभी क्रय केंद्रों पर सामान्य तौल भी हो रही है और पर्ची भी दी जा रही है। जबकि, मझोला क्रय केंद्र पर केवल अगैती की ही पर्ची दी जा रही और तौल हो रही है।
सामान्य प्रजाति वालों का गन्ना वापस किया जा रहा है, जो गलत है। तौल में देर होने पर गेहूं की बुवाई भी लेट हो जाएगी। यही हाल रहा तो किसान सड़क पर उतर आएंगे। वहीं, क्रय केंद्र प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मिल की ओर से ही सामान्य की पर्ची नहीं दी गई है।
आदेश मिलने पर ही सामान्य प्रजाति के गन्ने की तौल की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में जयवीर सिंह, राजाराम, नत्थू सिंह, रोहित, संदीप, समरपाल, चमन सिंह, ऋषिपाल सिंह, कौशिन्द्र, राजवीर, रामवीर, शोनित, नेमपाल, अनुज, सुरजीत, अरुण, जीनू, पवन सिंह आदि किसान मौजूद रहे।