सैदनगली क्षेत्र के गांव मेहंदीपुर में दूध के कारोबार में मिलावट की पुष्टि होने पर एडीएम कोर्ट से दो सगे भाइयों के खिलाफ साढ़े तीन लाख का जुर्माना लगाया गया है।
बता दें कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गत दिनों सैदनगली क्षेत्र के गांव मेहंदीपुर निवासी जगपाल एवं ओमकार पुत्र रामफल गुर्जर के यहां से दूध का सैंपल लिया था। टीम के साथ पुलिस भी थी।
यहां अपमिश्रण सामग्री व रिफाइंड के पैकेट भी बरामद हुए थे। साथ ही अपमिश्रण सामग्री के खाली पैकेट भी वहां मिले थे। एफडीए टीम ने दूध और अपमिश्रण सामग्री का सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा था। लखनऊ प्रयोगशाला की जांच में दूध में मिलावट की पुष्टि हुई है।
प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीएम कोर्ट से दो सगे भाइयों के खिलाफ साढ़े तीन लाख का जुर्माना लगाया गया है। जिसमें अलग-अलग छह मामले हैं। जिसमें पांच मामलों में 25-25 हजार और छठे मामले में 50-50 हजार का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई से अन्य दूध कारोबारियों में खलबली मच गई है। अपर जिलाधिकारी महमूद आलम अंसारी ने बताया कि दूध की जांच में मिलावट की पुष्टि हुई है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो सगे भाइयों पर साढ़े तीन लाख का जुर्माना लगाया गया है। दूध में मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।