दहेज की मांग पूरी न होने और बच्चा न होने से खफा ससुरालवालों ने गांव ढेंकला की विवाहिता की हत्या कर शव फांसी के फंदे से लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव खेलिया पट्टी निवासी एक व्यक्ति ने बेटी सुशीला का विवाह करीब छह साल पहले आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव ढेंकला निवासी बलराम यादव के साथ किया था।
आरोप है कि, महिला को अभी तक कोई संतान नहीं है। इससे पति, सास और परिवार के अन्य लोग दहेज और बच्चे न होने की वजह से उसे परेशान करते थे। आए दिन उससे मारपीट की जाती थी।
इधर, शुक्रवार शाम को ससुरालवालों ने विवाहिता से मारपीट की। बाद में हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर दिया।
बाद में मृतका के भाई धीरेंद्र सिंह यादव ने पुलिस को तहरीर दी कि, उसकी बहन को दहेज और बच्चे के लिए मार दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति बलराम सिंह यादव, सास महारानी, देवर प्रमोद और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।