अगैती प्रजाति के गन्ने की पर्ची पर समस्त प्रजाति अंकित किए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के किसानों ने गन्ना समिति का घेराव कर सचिव को ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी नहीं होेने पर एक दिसंबर को आंदोलन करने की चेतावनी दी।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने बृहस्पतिवार को गन्ना समिति कार्यालय का घेराव किया। किसान नेताओं ने वेब इंडस्ट्रीज के प्रबंध तंत्र पर किसानों के साथ मजाक करने का आरोप लगाया। इसके बाद किसानों ने समिति सचिव को एक ज्ञापन सौंपा।
इसमें अगैती प्रजाति के गन्ना पर्ची में सभी प्रजातियां अंकित किए जाने और पर्चियां 30 नवंबर तक जारी करने के लिए आवाज उठाई गई।
साथ ही छोटी जोत के किसानों को पहले पर्ची दिए जाने, मिल गेट पर घटतौली रोकने के लिए धर्मकांटे की पर्ची मान्य किए जाने और बीते पेराई सत्र का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान कराए जाने की मांग की गई।
सचिव के एक दिसंबर तक मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन पर घेराव समाप्त किया गया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष राधेश्याम, सीताराम, रणवीर सिंह, सोनू, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।