खेत में सिंचाई कर रहे किसान की ठंड से तबीयत बिगड़ गई। दो दिन दिल्ली के अस्पताल में इलाज कराया गया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने बगैर कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
देहात थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी ब्रह्मपाल सिंह (50) पुत्र रामशरण सिंह किसान था। दिन में बिजली न आने के कारण ब्रह्मपाल सिंह पिछले कई दिन से रात में खेत की सिंचाई कर रहा था।
29 जनवरी की रात सिंचाई करते वक्त खेत में उसे ठंड ने जकड़ लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे स्थानीय डाक्टर को दिखाया, लेकिन हालत नाजुक होने से डाक्टर ने किसान को रेफर कर दिया।
अगले दिन परिजनों ने ब्रह्म सिंह को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिन इलाज चला, लेकिन स्वास्थ्य लाभ नहीं हो सका। रात में किसी समय किसान ने दम तोड़ दिया। परिजन शव को गांव ले आए ।