पुलिस प्रशासन की उदासीनता से जिले में खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। इससे हौसलाबंद माफिया खेतों से खनन कराने से भी नहीं चूक रहे हैं। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एबजाबाद में जहां किसानों के खेतों को खोद डाल रहे हैं। वहीं पूरनपुर और पंजू सराय में माफिया ने रात में खनन करने के लिए एलईडी लाइटें भी लगा रखी हैं।
जिले में अवैध खनन के लिए माफिया से पुलिस प्रशासन का गठजोड़ गहरा हो चुका है। शायद इसीलिए कार्रवाई के नाम पर अधिकारी अवैध खनन की सूचनाओं को हल्के में लेने लगे हैं, नतीजतन माफिया धरती का सीना चीरकर अमूल्य संपदा चुरा रहे हैं।
हाल यह है कि, डिडौली कोतवाली क्षेत्र के पूरनपुर झील और नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव पंजू सराय में खनन अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। पंजू सराय में अवैध खनन के चलते मंडी धनौरा जाने वाले स्टेट हाईवे को खतरा पैदा हो रहा है। खनन से यह रोड भी धंस सकती है। आए दिन यहां लगे बिजली के पोल गिर रहे हैं।
उधर अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एबजाबाद गांव में खनन माफिया ने सैकड़ों एकड़ जमीन को खोद डाला है। हालात यह हो गए हैं कि किसानों की जमीन भी खनन का गड्ढा नजर आने लगी है।
जमीन के खनन में समाने से किसानों को भारी क्षति हो रही है। माफिया कई स्थानों पर रातों रात किसानों की जमीन को भी जेसीबी से खंगाल लेते हैं। जब किसान पुलिस के पास जाते हैं तो पुलिस खनन माफिया का ही साथ देती है। ग्रामीणों में खनन माफिया के खिलाफ आक्रोश है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से लोग चुप बैठ गए हैं।
अवैध खनन के मैसेज पर भी चुप्पी
अमरोहा। अमर उजाला में लगातार छप रही अवैध खनन की खबरों से लोगों में जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नौजवानों ने जैसे ही खनन शुरू होता है। मैसेज फ्लैश करने शुरू कर दिए हैं।
यह मैसेज पुलिस और प्रशासन के अफसरों के पास भी जा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होते दिखने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में गुस्सा है।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी खनन के खिलाफ
अमरोहा। केंद्रीय जल एवं नदी विकास मंत्री उमा भारती ने ब्रजघाट पर नमामि गंगे प्रोजेक्ट के निरीक्षण के दौरान गंगा में खनन के खिलाफ आवाज उठाई थी।
उन्होंने कहा था कि मोहम्मदाबाद और गढ़मुक्तेश्वर से लेकर नरौरा तक अवैध खनन की जानकारी मिल रही है। सख्ती के साथ अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो गंगा को प्रदूषण मुक्त करने में और दिक्कतें आएंगी।
आर्मी लिखी गाड़ी से भी ढो रहे अमूल्य संपदा
नौगावां सादात। पंजू सराय में खुले आम खनन चल रहा है। सैदपुर इम्मा गांव के अधिकांश खनन माफिया दिन रात खनन कर रहे हैं। कुछ गाड़ियों पर आर्मी लिखकर खनन करके ढोया जा रहा है।
कस्बे में थाने के सामने से खनन भरी ट्रालियां निकलती रहती हैं। खनन उतारने के बाद भी पुलिस चुप्पी साधे रहती है। अफसरों के दबाव पड़ने पर एक दो ट्राली पकड़कर दिखा दिया जाता है कि कार्रवाई हो रही है।