नौगावां सादात (अमरोहा) कस्बे से महज एक किलोमीटर दूर मंडी धनौरा रोड पर सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अमरोहा के ट्रांसपोर्टर की इनोवा आग का गोला बन गई।
इससे पहले बोनट से धुआं उठते ही कार ऑटो लॉक हो गई। खिड़की खुली होने से पिता-पुत्र ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। बाद में पहुंची दमकल ने आग पर बमुश्किल आग पर काबू पाया।
मूल रूप से जिला बिजनौर के बास्टा क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी मौजीज अब्बास पुत्र मोहम्मद कासिम जैदी अमरोहा के मोहल्ला लकड़ा में रहकर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। सोमवार सुबह मौजीज अपने पिता कासिम जैदी को लेकर इनोवा कार से बास्टा जा रहा था।
कस्बे से महज एक किलोमीटर दूर धनौरा रोड पर पहुंचते ही बोनट से धुआं निकलने लगा। यह देख मौजीज ने कार को रोक दिया। उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका। कार ऑटो लॉक हो चुकी थी।
गनीमत ये रही कि मौजीज ने एक खिड़की पहले से ही खोल रखी थी। वह किसी तरह खिड़की से बाहर निकला और बोनट खोलने का प्रयास किया, लेकिन बोनट भी ऑटो लॉक था। इतने में ही बोनट से आग की लपटें उठनी शुरू हो गईं।
मौजीज ने किसी तरह अपने पिता को खिड़की के रास्ते से बाहर निकाला, तब तक कार आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। सूचना के करीब चालीस मिनट बाद दमकल पहुंची, लेकिन तब तक कार जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना किया।